स्वर्णप्राशन दिवस पर महावीर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क स्वर्णप्राशन संस्कार शिविरों का आयोजन
मेरठ। महावीर विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित महावीर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल द्वारा पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर बाल स्वास्थ्य संवर्धन तथा आयुर्वेद की प्राचीन संस्कार परंपरा के संरक्षण के उद्देश्य से नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं महाविद्यालय परिसर में निःशुल्क स्वर्णप्राशन संस्कार शिविरों का आयोजन किया गया। यह शिविर अशोका अकादमी, रामनगर (मेरठ), अशोका अकादमी, कंकरखेड़ा (मेरठ), महावीर इंटरनेशनल स्कूल, सरधना रोड (मेरठ) तथा महावीर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, सरधना रोड (मेरठ) में उत्साह, अनुशासन एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
चारों स्थानों पर आयोजित इन शिविरों में 16 वर्ष से कम आयु के लगभग 100 बालकों को आयुर्वेद में वर्णित स्वर्णप्राशन संस्कार के अंतर्गत औषधि का सेवन कराया गया। इस अवसर पर अभिभावकों को स्वर्णप्राशन के महत्व, उसके वैज्ञानिक आधार तथा बालकों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास में उसकी महत्त्वपूर्ण भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। आयुर्वेद के प्रामाणिक ग्रंथों में स्वर्णप्राशन को बालकों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को सुदृढ़ करने, स्मरण शक्ति एवं मेधा का विकास करने, शारीरिक वृद्धि को प्रोत्साहित करने, एकाग्रता एवं ग्रहणशीलता में वृद्धि करने तथा पाचन शक्ति एवं समग्र स्वास्थ्य के संवर्धन के लिए अत्यंत लाभकारी संस्कार माना गया है।
महावीर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल द्वारा प्रत्येक माह पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर नियमित रूप से स्वर्णप्राशन संस्कार का आयोजन किया जाता है। संस्थान का उद्देश्य आयुर्वेद की निवारक एवं स्वास्थ्यवर्धक परंपराओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर समाज में स्वस्थ, सशक्त एवं संस्कारित भावी पीढ़ी के निर्माण में सक्रिय योगदान देना है।
इस अवसर पर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. निकिता सैनी, डॉ. सचिन कुमार (ईएमओ), डॉ. आदित्य कुमार (आरएमओ), डॉ. विजेता (आरएमओ), डॉ. इकरा परवीन (आरएमओ) तथा महाविद्यालय के इंटर्न चिकित्सकों ने पूर्ण समर्पण, सेवा-भाव एवं कर्मनिष्ठा के साथ अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके परिणामस्वरूप सभी शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं मार्गदर्शन महावीर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के प्राचार्य डॉ. अनुपम सिंह, उप-प्राचार्य डॉ. रविकांत त्यागी तथा डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आई.पी. सिंह के कुशल नेतृत्व एवं संरक्षण में संपन्न हुआ। संस्थान ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों के सर्वांगीण शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए प्रत्येक माह पुष्य नक्षत्र के अवसर पर आयोजित होने वाले स्वर्णप्राशन संस्कार में सहभागिता कर आयुर्वेद की इस अमूल्य परंपरा का लाभ अवश्य प्राप्त करें।







