पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त करते हुए महावीर विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश सरकार के 'पौधारोपण महाअभियान 2026' के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता को बढ़ावा देना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं संतुलित वातावरण का निर्माण करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. (डॉ.) सर्वोत्तम दीक्षित द्वारा पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं, बल्कि मानव जीवन और प्रकृति के संतुलन का आधार हैं। उन्होंने सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अभियान में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता (डीन), विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने मिलकर परिसर के विभिन्न स्थानों पर पौधे रोपित किए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

पौधारोपण अभियान के दौरान विश्वविद्यालय परिसर को अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से सामूहिक रूप से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि विद्यार्थियों एवं समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करने का भी प्रभावी माध्यम है।

महावीर विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण को अपनी कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा मानता है। विश्वविद्यालय समय-समय पर ऐसे जनहितकारी एवं पर्यावरणीय अभियानों का आयोजन कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जन-जागरूकता के लिए निरंतर कार्य करता रहा है।

Media Coverage